27 अक्टूबर से झारखंड में बदलेगा मौसम, 28 और 29 को भारी बारिश का अलर्ट
झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसमी प्रणाली के प्रभाव से 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.

Ranchi: झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. मौसम केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. इसके प्रभाव से राज्य में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ इलाकों में भारी वर्षा की आशंका है. मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 26 अक्टूबर तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, झारखंड पर पड़ेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में 23 अक्टूबर को कम दबाव का क्षेत्र बना है. इसके 24 अक्टूबर तक निम्न दबाव प्रणाली और 25 अक्टूबर तक गहन निम्न दबाव में बदलने की संभावना है. इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान विकसित हो सकता है. अनुमान है कि यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर जाएगी. इसके अलावा, उत्तर बांग्लादेश और पूर्वोत्तर झारखंड के आसपास करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसमी प्रणालियों के कारण राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
28 और 29 अक्टूबर को इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर से झारखंड के पूर्वी, दक्षिणी और आसपास के मध्यवर्ती इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 28 अक्टूबर को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना है. वहीं, 29 अक्टूबर को इन जिलों के साथ पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भी भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. लोगों को मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.
26 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क, तापमान में मामूली बदलाव
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार, 25 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह धुंध या कुहासा छा सकता है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. 26 अक्टूबर को सुबह धुंध के बाद आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं. इस अवधि में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. हाल के दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया है. 20 अक्टूबर को जगन्नाथपुर में अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और लातेहार में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री रहा. 21 अक्टूबर को चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और गुमला में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री दर्ज हुआ. 22 अक्टूबर को चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और लातेहार में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा. 27 अक्टूबर से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है.

