कटिहार में सात गिरफ्तार, साहिबगंज की 15 लाख की चोरी से जुड़ सकता है कनेक्शन
साहिबगंज के इकरा कॉलोनी में हुई करीब 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी की जांच में कटिहार कनेक्शन सामने आने की संभावना है. कटिहार में चोरी के मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद साहिबगंज पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का मिलान कराने की तैयारी में है.


साहिबगंज: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के मजहर टोला स्थित इकरा कॉलोनी में 13 अगस्त को हुई करीब 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी की जांच अब एक नए एंगल पर पहुंचती दिख रही है. कटिहार पुलिस द्वारा चोरी के एक मामले में सात आरोपियों की गिरफ्तारी और जेवरात समेत अन्य सामान बरामद किए जाने के बाद साहिबगंज पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित कड़ी तलाशने में जुटी है. हालांकि, अभी तक पुलिस ने दोनों मामलों के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है. साहिबगंज की घटना में एक लाल टीशर्ट पहने व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था. इसी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को कटिहार मामले से जुड़े इनपुट के साथ मिलाने की तैयारी है. पुलिस का मानना है कि यदि फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों में समानता मिलती है तो चोरी की घटना के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है.
इकरा कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई थी चोरी
13 अगस्त को इकरा कॉलोनी में डीसीपीयू कार्यालय के अकाउंटेंट के घर चोरी की घटना सामने आई थी. अज्ञात चोर घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गया था. घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें लाल रंग की टीशर्ट पहने एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है.
रेलवे स्टेशन तक पहुंचने की भी जांच
जांच के दौरान पुलिस के सामने यह जानकारी भी आई कि सीसीटीवी में दिखने वाला संदिग्ध व्यक्ति साहिबगंज रेलवे स्टेशन की ओर गया था. स्टेशन परिसर में उसकी कुछ लोगों से मुलाकात होने की बात भी जांच के दायरे में है. पुलिस अब उसके संभावित संपर्कों और आगे की गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. हालांकि, इन घटनाक्रमों का चोरी से संबंध अभी प्रमाणित नहीं हुआ है.
कटिहार में सात आरोपियों की गिरफ्तारी
कटिहार पुलिस ने सहायक थाना क्षेत्र की इमरजेंसी कॉलोनी में 2 सितंबर की रात हुई चोरी के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में अरुण शाह, चन्दन कुमार, सन्नी कुमार, संतोष सावंत, प्रशांत कुमार उर्फ बुलबुल, अंशु उर्फ मो. आसिफ और इंदुल फातिमा उर्फ रिमझिम शामिल हैं. पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा है.
सोना-चांदी, मोबाइल और नकदी बरामद
कटिहार पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से सोना जैसा पदार्थ, चांदी जैसे आभूषण, पायल और चूड़ियां बरामद हुई हैं. इसके अलावा छह मोबाइल फोन, 20,700 रुपये नकद और ज्वेलर्स की रसीद समेत अन्य सामान भी मिलने की बात पुलिस ने कही है. पुलिस अब बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.
फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का होगा मिलान
जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह के मुताबिक, साहिबगंज की घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और कटिहार में गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी का मिलान कराया जाएगा. मोबाइल डंप रिपोर्ट समेत दूसरे तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर साहिबगंज पुलिस कटिहार जाकर पूछताछ और साक्ष्यों का मिलान कर सकती है. दोनों मामलों के बीच संबंध की स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts






Leave a comment