रांची में विकास योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए समयबद्ध निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने, लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने और अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने का निर्देश दिया.

Ranchi: जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय ब्लॉक-ए सभागार में वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक कार्यों की प्रगति और आगामी त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि दीपावली, छठ और काली पूजा को भी बेहतर समन्वय, अनुशासन और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. त्योहारों के दौरान यातायात, स्वच्छता, सुरक्षा और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और लंबित कार्यों को पूरा करने पर जोर
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए. कोई भी योग्य व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और सभी पदाधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करें. समाहरणालय में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा आम लोगों के साथ अच्छा व्यवहार करने का निर्देश भी दिया गया. उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनहित को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों में तेजी लाना और नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार करना है. बैठक में जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

