दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर रांची प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निर्देश
रांची में दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई. प्रशासन ने छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, रोशनी और गोताखोरों की तैनाती के निर्देश दिए हैं.

Ranchi: आगामी दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची समाहरणालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई. जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विधि-व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता, बिजली सुरक्षा और विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा की गई. बैठक में पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन, बिजली विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. उपायुक्त ने सभी विभागों को पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और साफ-सफाई के निर्देश
छठ महापर्व की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने तालाबों और छठ घाटों का पूर्व निरीक्षण करने का निर्देश दिया. घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी. जरूरत के अनुसार क्रेन की व्यवस्था करने के साथ एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए. तालाबों में बांस से बैरिकेडिंग की जाएगी और छठ घाटों पर तैराकी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. वहीं, दीपावली और काली पूजा के दौरान असुरक्षित पटाखों पर निगरानी, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच और रात 10 बजे के बाद ध्वनि प्रदूषण रोकने पर जोर दिया गया. सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई.

