Jharkhand Rain Alert: 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, तेज हवा और वज्रपात का भी अलर्ट
झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है.

Jharkhand Rain Alert: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं. मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 से 12 सितंबर के बीच कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. 9 सितंबर को राज्य के 13 जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका जताई गई है. वहीं, 10 सितंबर को रांची समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक झारखंड में अच्छी बारिश हो सकती है. लगातार बारिश और बादल छाए रहने से तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है.
आज 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 सितंबर को झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. इनमें रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. इन जिलों में मौसम के अचानक खराब होने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 10 सितंबर को रांची, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में तेज हवा, वज्रपात और भारी बारिश का अनुमान है. वहीं, 11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश हो सकती है.
ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन से बढ़ी बारिश
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड में बारिश की बढ़ती गतिविधियों के पीछे कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं. मानसून ट्रफ मुजफ्फरनगर, बस्ती, डेहरी और दीघा से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है. इसके अलावा मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब साइक्लोनिक सर्कुलेशन में बदल गया है. इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से झारखंड में अगले 3 से 4 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ी रहने की संभावना है. राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान दिन और रात में मूसलाधार बारिश हुई. शहर के कई हिस्सों में करीब 60 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मंगलवार को भी रांची के कई इलाकों में छिटपुट बारिश हुई. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, रांची में अब तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है. लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है.
वज्रपात की चपेट में छात्र घायल, दो लोगों की मौत
झारखंड में बारिश के साथ वज्रपात की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. मंगलवार दोपहर करीब एक बजे रांची के नामकुम इलाके में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 19 वर्षीय छात्र कुंदन कुमार घायल हो गया. घटना के बाद पुलिस ने उसे नामकुम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है. वहीं, सिमडेगा जिले के बांसजोर प्रखंड स्थित कछुपानी गांव में वज्रपात की घटना में 45 वर्षीय सुनीता डुंगडुंग की मौत हो गई. इसके अलावा रामगढ़ जिले के बलसगरा कठरेहवा निवासी 50 वर्षीय नरेश महतो की भी ठनका गिरने से मौत हो गई. बताया गया कि हादसे के समय नरेश महतो मवेशी चरा रहे थे. मौसम विभाग ने 12 सितंबर तक बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.
बारिश और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. वज्रपात की आशंका होने पर लोगों को खुले मैदान में जाने से बचने की सलाह दी गई है. खासकर बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों या अन्य ऊंची संरचनाओं के आसपास रहने से बचना चाहिए. मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 सितंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. लगातार बादल छाए रहने और बारिश के कारण राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने अगले 3 से 4 दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में संवेदनशील जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग के अपडेट पर नजर रखने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.





Leave a comment