जसीडीह में कल होगी डॉ. आंबेडकर क्विज प्रतियोगिता, 400 युवा - छात्र लेंगे हिस्सा
जसीडीह में 24 अक्टूबर को गोड्डा लोकसभा स्तरीय डॉ. भीमराव आंबेडकर क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन होगा. युवक कांग्रेस की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देवघर, मधुपुर और जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के करीब 400 छात्र-युवा हिस्सा लेंगे.

Deoghar: युवक कांग्रेस की ओर से आयोजित गोड्डा लोकसभा स्तरीय डॉ. भीमराव आंबेडकर क्विज प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 24 अक्टूबर को जसीडीह के मधुवागढ़ा में किया जाएगा. प्रतियोगिता स्थल इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने निर्धारित किया गया है. इसके ग्रुप-ए में देवघर, मधुपुर और जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के छात्र-युवा शामिल होंगे. आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में करीब 400 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की संभावना है. कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने आयोजन स्थल पर आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान इसकी जानकारी दी.
युवाओं में उत्साह और प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने की पहल
प्रतियोगिता के नेतृत्वकर्ता एवं कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अर्क आदित्य यादव ने कहा कि मौजूदा केंद्रीय शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था के कारण छात्र-युवाओं का एक वर्ग हतोत्साहित महसूस कर रहा है. ऐसे में इस तरह के आयोजनों के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहित करने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं. समीक्षा बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश होंगे शामिल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश शामिल होंगे. आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक में प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के अलावा देवघर जिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. बैठक में डॉ. मुन्नम संजय, जिलाध्यक्ष राजेंद्र दास, युवा जिलाध्यक्ष आशीष भारद्वाज, प्रो. उदय प्रकाश, मुकुंद दास, नागेश्वर सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. राजद नेता भूतनाथ यादव, अजय यादव और रंजीत प्रधान भी बैठक में शामिल हुए. आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने का दावा किया है.

