चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे का अपहरण, पुलिस जांच में जुटी
चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के कथित अपहरण की सूचना से रांची में हड़कंप मच गया है. आरोप है कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास अज्ञात लोग स्कॉर्पियो और थार से पहुंचे और छात्र को अपने साथ ले गए. पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर मामले की जांच और छात्र की तलाश में जुटी है.

Ranchi: चतरा से विधायक और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान के बेटे के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के पास कुछ अज्ञात लोग स्कॉर्पियो और थार वाहनों से पहुंचे और छात्र के साथ मारपीट करने के बाद उसे अपने साथ ले गए. घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी है. जनार्दन पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके बेटे के साथ विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास मारपीट हुई, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है. विधायक के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही वह चतरा से रांची के लिए रवाना हो गए हैं. बताया जा रहा है कि उनके बेटे की थार गाड़ी कॉलेज गेट के बाहर खड़ी मिली है.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस विश्वविद्यालय और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा संदिग्ध वाहनों की पहचान करने और छात्र के विश्वविद्यालय परिसर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि घटना में तीन-चार स्कॉर्पियो वाहनों के शामिल होने की बात सामने आई है. हालांकि, घटना की पूरी तस्वीर पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल पुलिस छात्र की तलाश और मामले से जुड़े लोगों की पहचान में जुटी है.
विधायक ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
जनार्दन पासवान ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है. घटना के बाद विश्वविद्यालय और आसपास के इलाके में भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है. फिलहाल रांची पुलिस की ओर से मामले को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसके लापता होने के पीछे कौन लोग शामिल हैं.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts
विधायक के बेटे का नहीं हुआ था अपहरण! पुलिस ने सौरभ को सकुशल बरामद किया
धनबाद: बरवाअड्डा थाना विवाद में JLKM का बड़ा फैसला, दिलीप चौधरी JLKM से बाहर




Leave a comment