खूंटी में 8 महीने की गर्भवती युवती की हत्या, प्रेमी गिरफ्तार
खूंटी के मुरहू थाना क्षेत्र में 8 महीने की गर्भवती 19 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने उसके प्रेमी सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है.

खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने युवती की हत्या के आरोप में उसके कथित प्रेमी 20 वर्षीय सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया है. युवती करीब आठ महीने की गर्भवती थी. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान उसके गर्भ से मृत शिशु भी मिला, जिसके बाद मामले को दोहरे हत्याकांड के तौर पर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है और उसका सागर के साथ लगभग दो वर्षों से संबंध था. बताया जा रहा है कि गर्भवती होने के बाद युवती सागर पर अपने और बच्चे को स्वीकार करने का दबाव बना रही थी. इसी बीच दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ गया. पुलिस का कहना है कि विवाद के बाद आरोपी ने युवती को जंगल ले जाकर उसकी हत्या कर दी.
दो साल से था दोनों के बीच प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका और सागर ओड़ेया के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई. परिवार और बच्चे की जिम्मेदारी को लेकर दोनों के बीच मतभेद शुरू हो गए. पुलिस के मुताबिक, युवती सागर से अपने होने वाले बच्चे को अधिकार और साथ देने की मांग कर रही थी.
दूसरी युवती को घर लाने के बाद बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार, करीब दो महीने पहले सागर ने कथित तौर पर ढुकू प्रथा के तहत दूसरी युवती को अपने घर में रखना शुरू कर दिया था. इसके बाद मृतका और सागर के बीच विवाद बढ़ने लगा. युवती लगातार अपने और अजन्मे बच्चे के भविष्य को लेकर सागर से बात कर रही थी. इसी विवाद को घटना की अहम वजह माना जा रहा है.
2 सितंबर को सागर के घर पहुंची थी युवती
जानकारी के मुताबिक, 2 सितंबर को युवती सागर के घर पहुंची थी. वह अपने अजन्मे बच्चे के अधिकार और भविष्य को लेकर उससे बातचीत करना चाहती थी. इसके बाद 4 सितंबर से उसका कोई पता नहीं चला. परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. कई जगह खोजबीन के बाद रविवार को पंगुरा गांव के जंगल में युवती का शव मिला.
जंगल में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
शव मिलने की सूचना पर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम में युवती के गर्भ से मृत शिशु मिलने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोहरे हत्याकांड के तहत कार्रवाई शुरू की.
पूछताछ में हत्या की बात कबूलने का पुलिस का दावा
मुरहू थाना पुलिस के मुताबिक, मामले में सागर ओड़ेया को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने विवाद से बचने के लिए युवती को बहाने से जंगल की ओर ले जाने और वहां उसकी हत्या करने की बात कही है. फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.




Leave a comment